पुरानी मंडी में आयोजित हुई वार्ड सभा, महापौर ने सुनी जनता की समस्याएं
- जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए आश्वासन
वार्ड नम्बर 2 पुरानी मंडी स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में वार्ड सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता महापौर वीरेन्द्र भट्ट शर्मा ने की। वार्ड सभा का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा कर त्वरित समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना था। सभा के प्रारंभ में महापौर महोदय ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों के पास अभी तक पक्के मकान नहीं हैं, वे इस योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। पात्र लाभार्थियों को भवन निर्माण हेतु ₹2.50 लाख की राशि चार किश्तों में प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025-26 हेतु एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र, मंडी में निःशुल्क एटीआई प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में लाभ मिलेगा।
क्षेत्रीय समस्याएं और समाधान के लिए पहल
सभा में क्षेत्रवासियों ने कई स्थानीय समस्याएं उठाईं, जिनमें भीमाकाली रोड पर व्यास सदन के समीप जर्जर वर्षाशालिका के पुनर्निर्माण की मांग। पुरानी मंडी से भीमाकाली रोड तक पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत न होने से उत्पन्न समस्याएं। ‘ठारू’ बस स्टॉप के पास खुदाई के बाद पाइप न बिछाने से जलभराव की गंभीर समस्या शामिल है। इन मुद्दों पर महापौर ने बताया कि उन्होंने एनएचएआई और जल शक्ति विभाग से कई बार पत्राचार व निरीक्षण करवाया है, पर अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि ये मुद्दे पुनः उच्च स्तर पर उठाए जाएंगे।
जल बिल, स्वच्छता और वर्षा पूर्व तैयारियों पर चर्चा
सभा में जल बिलों के भुगतान को लेकर भी चर्चा हुई। महापौर ने बताया कि विभाग से वार्ता कर बिल तीन किश्तों में भुगतान की सुविधा प्रदान की गई है। साथ ही, खतरनाक पेड़ों की छंटाई और बरसात पूर्व तैयारियों को लेकर भी विमर्श हुआ। महापौर ने बताया कि धनाभाव के कारण कार्य रुका हुआ है और इस संबंध में उपायुक्त को पत्राचार कर धन की मांग की गई है। नगर निगम द्वारा नालियों, नालों, बावड़ियों व नदियों की सफाई करवाई जा रही है ताकि बरसात में संभावित आपदाओं से निपटा जा सके। उन्होंने वार्ड स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन समितियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नशा उन्मूलन में जनभागीदारी का आह्वान
महापौर ने नशा उन्मूलन को लेकर समाज की सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक समाज स्वयं जागरूक नहीं होगा, तब तक इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन का इस दिशा में पूरा सहयोग लिया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों की सराहना, महापौर की सक्रियता की प्रशंसा
सभा में उपस्थित नागरिकों ने सफाई कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की और प्रस्ताव रखा कि उन्हें आगामी वार्ड सभाओं में सम्मानित किया जाए।
इसके साथ ही महापौर श्री वीरेन्द्र भट्ट शर्मा की स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत सक्रियता की भी प्रशंसा की गई। नागरिकों ने बताया कि महापौर स्वयं क्षेत्र में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हैं और कई बार स्वयं भी सफाई कार्य में भाग लेते हैं — यह एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है। इस सभा में वार्ड नम्बर 2 की प्रबुद्ध जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर सिद्धार्थ शर्मा सचिव वार्ड सभा एवं कनिष्ठ अभियंता नगर निगम, विनय सफाई निरीक्षक, हरीश शर्मा व वरुण भारद्वाज भी उपस्थित रहे।












