उपयोगी बारिश ने कूड़ा-करकट भी फैलाया
क्षेत्र भर में रुक-रुक कर हो रही व्यापक बारिश को खरीफ फसल की बिजाई के लिए उपयोगी माना जा रहा है। खेतों को जहां बेहतर ढंग की नमी मिली है और गर्मी से राहत मिली है वहीं बारिश के पानी भरी नालियों ने उफान मारते हुए विभिन्न प्रकार के कूड़े-कचरे को खेतों, सड़कों इत्यादि के यहां फैलाकर प्रदूषण को भी बढ़ावा दिया है। यही नहीं नाचन विधानसभा क्षेत्र के एक बड़े भाग में गढढों में पड़ी सड़कें एवं फोरलेन तालाब से बनकर रह गए हैं जो संबंधित विभाग की तकनीकी खामियों की पोल खोलते हुए अपना बेड़ा ग़र्क होने की दास्तां भी बयान कर रही हैं। बारिश को किसानों के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है दूसरी ही तरफ गांव महादेव,धनोटू, चौक आदि की नालियों में बारिश का पानी बास मारते कूड़े-कचरे को बहा ले गया है और नाली बंद होने की स्थिति में प्लास्टिक तथा अन्य कचरा जगह-जगह फैल गया है जिसमें सार्वजनिक स्थान सब्जी मंडी धनोटू का एक बड़ा भाग,सड़कें,खेत, सरकारी संस्थान यानि खासतौर पर स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पशु औषधालय, डिस्पेंसरी, पटवार खाना आदि अटे पड़े हैं ।ऐसी बुरी हालत के लिए संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगना स्वाभाविक सी बात है। लोगों ने उपायुक्त मंडी से पुरजोर मांग की है कि शीघ्र ही पानी निकासी का उचित प्रबंध करने सहित मौजूदा हालत में पैदा हुई प्रदूषण -हवा में जहर घोलती गंदगी से छुटकारा दिलाने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं।












