विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर अरोमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जागरूकता की अनूठी पहल
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अरोमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग खिलड़ा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के घातक प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और कॉलेज स्टाफ द्वारा तंबाकू से होने वाली बीमारियों जैसे कि मुख कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, दिल की बीमारियां और श्वास संबंधी समस्याओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि तंबाकू न केवल उपभोक्ता के लिए बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी घातक होता है। कॉलेज की प्रशिक्षु नर्सिंग छात्राओं ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने गांव में घर-घर जाकर लोगों को तंबाकू और अन्य नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और उन्हें इससे दूर रहने की अपील की। इसके अलावा छात्राओं ने एक जागरूकता रैली भी निकाली जिसमें उन्होंने नशामुक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर कॉलेज की एडमिनिस्ट्रेटर नेहा ठाकुर, उप प्रधानाचार्य प्रियंका ठाकुर, असिस्टेंट प्रोफेसर दीक्षा ठाकुर, होनित शर्मा, स्वाति शर्मा, तमना ठाकुर सहित कॉलेज का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा। सभी ने इस अभियान की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि सभी मिलकर समाज को नशामुक्त और स्वस्थ बनाने की दिशा में काम करेंगे।












