अपना विद्यालय दी हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के तहत, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग में कार्यशाला आयोजित
उपमंडल करसोग के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग में अपना विद्यालय, दी हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता तहसील कल्याण अधिकारी भोपाल शर्मा ने की। उन्होंने कार्यक्रम के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग को गोद लिया है। तहसील कल्याण अधिकारी ने कार्यशाला में मौजूद छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि नशा एक धीमा जहर है जो आज की युवा पीढ़ी को अंदर ही अंदर खोखला कर रहा है। आज का युवा वर्ग नशे की चपेट में आकर अपना भविष्य खराब कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर देश को उन्नति के मार्ग पर ले जाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएं और अपने आप को स्वस्थ रखने के लिए योग व खेल गतिविधियों में अवश्य भाग लें। उन्होंने कहा कि योग न केवल हमारे शरीर को स्वास्थ्य रखता है बल्कि हमें मानसिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। इस दौरान छात्रों को मानसिक तनाव से दूर रहने के लिए को योग क्रियाओं के बारे में भी बताया गया। उन्होंने करियर काउंसलिंग पर बच्चों को समझाया कि यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जो किसी विद्यार्थी का मार्गदर्शन करती है। शिक्षा और जीवन के बारे में निर्णय लेने में मदद करती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपनी रुचि, कौशल को जानकर सही करियर विकल्प का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने कार्यशाला में मौजूद बच्चों को विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की।












