तेज रफ्तार बाइक से देर रात सड़क हादसे में दो युवक घायल
बल्ह उपमंडल के अंतर्गत थाना बल्ह में देर रात एक सड़क हादसे की शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ज्ञान चंद पुत्र टेक चंद निवासी गांव धार-1 डाकघर रिवालसर ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपने घर के कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने बाहर से तेज शोर-शराबे की आवाज सुनी, जो देहरी गलू की तरफ से आ रही थी। ज्ञान चंद ने जब बाहर आकर देखा तो पाया कि दो युवक तेज रफ्तार से बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। अचानक उन्होंने सड़क पर एक तेज यू टर्न लेने की कोशिश की, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। हादसे के बाद ज्ञान चंद तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि दोनों युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हुए थे। बाइक एचपी82ए-5930, बजाज पल्सर पर सवार युवकों की पहचान हैप्पी पुत्र मस्त राम निवासी गांव घिंयूधार डाकघर रिवालसर और चंदन पुत्र शैलेंद्र सिंह निवासी गांव धार डाकघर रिवालसर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बाइक हैप्पी चला रहा था और चंदन पीछे बैठा हुआ था। मामले की जांच बल्ह थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।












