किरतपुर-मनाली फोरलेन पर नाके के दौरान दो युवक 16 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार, एसआईयू सुंदरनगर की बड़ी कामयाबी
पुलिस की उपमंडलीय एसआईयू टीम सुंदरनगर ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह दो युवकों को 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी जड़ोल में किरतपुर-मनाली फोरलेन पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह एसआईयू टीम ने जड़ोल में किरतपुर-मनाली फोरलेन पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रही एक आल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। कार में दो युवक सवार थे। जब पुलिस ने सामान्य पूछताछ शुरू की तो दोनों युवक घबरा गए और घर में जरूरी काम का हवाला देते हुए जल्द जाने की बात कहने लगे। युवकों की घबराहट ने पुलिस को शक की ओर इशारा किया, जिसके बाद गाड़ी और व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार के डैशबोर्ड से प्लास्टिक का एक पैकेट बरामद किया। पैकेट को खोलने पर उसमें दो छोटे-छोटे पैकेट और पाए गए। जब पुलिस ने इन्हें खोला तो उनमें चिट्टा (हेरोइन) पाया गया। मौके पर ही पुलिस ने उसका वजन किया, जो 16 ग्राम निकला।
दो युवक गिरफ्तार, एफआईआर दर्ज
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान दीवान चंद (22) पुत्र गोवर्धन सिंह निवासी गांव कुरानी तहसील बगस्याड़ और निशांत कुमार (20) पुत्र पूर्ण चंद निवासी गांव मुशाला तहसील थुनाग जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई के लिए उन्हें थाना सुंदरनगर के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसपी मंडी साक्षी ने की मामले की पुष्टि
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह सफलता सुंदरनगर एसआईयू टीम की सतर्कता और सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशे के व्यापारियों को बख्शा नहीं जाएगा।












