मसौली पंचायत में भूस्खलन से दो-तीन घर खतरे में, स्कूल जाने वाले बच्चों की राह पर संकट
जोगिंद्रनगर उपमंडल की मसौली पंचायत में भारी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। पंचायत के राजकीय प्राथमिक पाठशाला के पास हुए भूस्खलन ने न केवल स्थानीय परिवारों की नींद उड़ा दी है, बल्कि स्कूली बच्चों की राह भी खतरे में डाल दी है। भूस्खलन की जद में इस समय दो से तीन मकान सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। हालात यह हैं कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में भूस्खलन और तेज हो सकता है। इससे जहां मकानों को बड़ा नुकसान पहुंचने का खतरा है, वहीं बच्चों का मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध होने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय निवासी ओमदिश ने बताया कि उनका घर भूस्खलन की चपेट में है। उन्होंने कहा कि घर के ठीक सामने लगभग 100 मीटर गहरी खाई है और भूस्खलन लगातार नीचे की ओर बढ़ रहा है। यदि प्रशासन ने समय रहते पुख्ता कदम नहीं उठाए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसी बीच पीड़ित परिवार ने अपनी परेशानी को लेकर पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जीवन ठाकुर से मुलाकात की। परिवार की स्थिति जानने के बाद जीवन ठाकुर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले को प्रशासन के ध्यान में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जगह का जल्द सर्वे करवाने के साथ यहां डंगा लगाने की कार्रवाई आवश्यक है, ताकि लोगों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।












