केलोधार में करंट लगने से दो मजदूर झुलसे, एक की हालत गंभीर
गोहर उपमंडल के केलोधार क्षेत्र में मंगलवार सुबह बिजली के पोल पर काम करते समय करंट लगने से दो मजदूर झुलस गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा की सहायता से नेरचौक मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब पौने 12 बजे उस समय हुई जब दोनों मजदूर ठीमा देवी में हाई टेंशन लाइन (एचटी) के पोल पर चढ़े हुए थे। करंट लगते ही दोनों नीचे गिर गए और बुरी तरह झुलस गए। घायल मजदूरों की पहचान झाबे राम (57) और रोशन लाल (45) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम पंचायत थरजूण के गांव बह (डा. केलोधार) के निवासी हैं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत बगस्याड अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रोशन लाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे 108 एम्बुलेंस से नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि झाबे राम का उपचार बगस्याड अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले भारी बारिश और बाढ़ के चलते खनयारी गाँव में बिजली का ट्रांसफार्मर बह गया था। ट्रांसफार्मर को फिर से लगाने और एचटी लाइन दुरुस्त करने का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा घटा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग की गंभीर लापरवाही के कारण यह घटना हुई। सहायक अभियंता विद्युत बोर्ड जंजैहली रविंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंता द्वारा परमिट दिया गया था, लेकिन करंट कैसे आई इसकी जांच की जा रही है।












