दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर : एसडीएम मनीष चौधरी ने किया शुभारंभ, 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की जांच, 11 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
समाज सेवा और मानव कल्याण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए बेटा राम फाउंडेशन ने सोमवार को लडभड़ोल तहसील की ग्राम पंचायत लडभड़ोल के प्रांगण में एक भव्य दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का शुभारंभ जोगिंद्रनगर के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) मनीश चौधरी ने किया। उनके आगमन पर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश ठाकुर और अन्य सदस्यों ने पारंपरिक तौर पर पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत तथा आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में कुल 11 अनुभवी और योग्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की जांच की और उन्हें उचित परामर्श तथा निशुल्क दवाइयां प्रदान कीं।
शिविर में जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा और ब्लड प्रेशर-शुगर जांच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश ठाकुर ने कहा कि बेटा राम फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के वंचित, जरूरतमंद और विशेष रूप से वरिष्ठ वर्ग के लोगों की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के और अधिक शिविर विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। ग्राम पंचायत लडभड़ोल के उपप्रधान रणजीत सिंह चौहान ने इस आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर प्रेमनाथ, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग और अनेक ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।












