भट्ठा में तूफान से पेड़ गिरा, बड़ा हादसा टला, विभाग की अनदेखी से फिर हो सकता है खतरा
जोगिंद्रनगर उपमंडल के भट्ठा क्षेत्र में सोमवार सुबह आए तेज तूफान के चलते एक सूखा पेड़ सड़क पर गिर गया। घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है, जब स्थानीय दुकानदार कुकी कुमार की दुकान के पास यह पेड़ गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। कुकी कुमार ने बताया कि "भगवान की कृपा रही कि इस बार कोई हादसा नहीं हुआ। लेकिन कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।" स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी करीब दस सूखे पेड़ हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से समय रहते कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ को काटा और सड़क से हटाया, जिससे वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो सकी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सूखे पेड़ों की समय रहते छंटाई करने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।












