कटौला पुल पर दर्दनाक हादसा: आईआईटी कमांद जा रही पिकअप पुल की रेलिंग से टकराई, 5 की मौके पर मौत, चालक घायल
पिकअप वाहन (नंबर पीबी02-इजी-4543) जो टैंट का सामान लेकर लुधियाना से आईआईटी कमांद जा रही थी, कटौला पुल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुल की रेलिंग से टकराने के कारण वाहन में सवार 6 में से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतकों में सुखविंद्र सिंह पुत्र हरवंश सिंह निवासी लुधियाना पंजाब, उमेश कुमार पुत्र राजा राम निवासी जी.टी. रोड प्रतापनगर अमृतसर पंजाब, सागर पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी गांव व डाकघर फिरोजपुर जिला अमृतसर पंजाब शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायल चालक की पहचान दलजीत सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी गांव मलिया जिला तरनतारण पंजाब के रूप में हुई है, जिसका इलाज जोनल अस्पताल मंडी में चल रहा है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












