आज देश में सिर्फ नारों की राजनीति नहीं, परफॉर्मेंस की राजनीति व जन अपेक्षाओं को पूरी करने वाली सरकार : राकेश जम्वाल
- मोदी सरकार के 11 वर्ष: सेवा, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की यात्रा का स्वर्णिम अध्याय
भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सुंदरनगर राकेश जम्वाल ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते 11 वर्षों में राष्ट्र के राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन में ऐतिहासिक बदलाव लाए हैं। यह सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर आधारित ऐसा शासन मॉडल है, जिसने दुनिया में भारत को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जन-आधारित, पारदर्शी, जवाबदेह और करप्शन-फ्री गवर्नेंस का उदाहरण है। राकेश जम्वाल ने कहा कि बीते 11 वर्षों में मोदी सरकार ने अनेक ऐसे फैसले लिए हैं जिन्हें पिछली सरकारें सोचने का भी साहस नहीं कर पाई थीं —अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक का अंत, सीएए का क्रियान्वयन, वक्फ कानून में बदलाव और महिलाओं को विधायी निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण — ये सभी साहसी निर्णय राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाली सरकार की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि पहले देश में 126 जिले नक्सल प्रभावित थे, जो अब घटकर 18 रह गए हैं।हिंसा में 53 प्रतिशत, सुरक्षा बलों के हताहत होने की संख्या में 72 प्रतिशत और कुल मृत्यु दर में 70 प्रतिशत की गिरावट आई है।आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति अब आक्रामक और निर्णायक है — सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने भारत को सशक्त वैश्विक छवि दी है। गरीब कल्याण की दिशा में सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं —25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर, 80 प्रतिशत अति-गरीबी में कमी, जेएएम ट्रिनिटी और डीबीटी के माध्यम से 3.9 लाख करोड़ की लीकेज पर रोक,स्वच्छ भारत अभियान से लाखों लोगों को स्वास्थ्य लाभ,और हर गरीब को छत, बिजली, शौचालय, पानी और रसोई गैस की सुविधा दी गई है। राकेश जम्वाल ने बताया कि राज्यों को मिलने वाले टैक्स डिवोल्यूशन में 283 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, बावजूद इसके कुछ लोग यह झूठ फैलाते हैं कि राज्यों की उपेक्षा हो रही है।आंकड़े स्वयं गवाही देते हैं कि मोदी सरकार संघीय ढांचे की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत तुष्टिकरण और बंटवारे की राजनीति में उलझा हुआ था,लेकिन आज देश "मोदी हैं तो मुमकिन है" के विश्वास के साथ विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। राकेश जम्वाल ने कहा कि यह सिर्फ सरकार की उपलब्धियों का उत्सव नहीं,बल्कि एक नई राजनीतिक संस्कृति और नए भारत के आत्मविश्वास का उत्सव है।












