बीपीएल सूची में शामिल होने को 30 अप्रैल तक सम्बंधित पंचायतों में करें आवेदन: सरबन कुमार
इच्छुक परिवार बीपीएल में शामिल होने के लिए 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। खंड विकास अधिकारी गोहर सरबन कुमार ने बताया कि बीपीएल में शामिल होने के लिए इच्छुक परिवार व जो परिवार अभी बीपीएल सूची में हैं और दोबारा बीपीएल सूची में शामिल होना चाहते हैं, वे सरकार के निर्धारित मानकों के आधार पर संबंधित पंचायतों में आवश्यक घोषणा-पत्र के साथ 30 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एसडीएम गोहर द्वारा त्रिसदस्यीय सत्यापन समिति गठित की जाएगी जिसमें संबंधित पंचायत सचिव, पटवारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल होंगे। सत्यापन समिति द्वारा तैयार की गई सूचियों को 15 जून तक सार्वजनिक जांच के लिए पंचायत के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित किया जाएगा, ताकि जुलाई की ग्राम सभा में मामले पर पारदर्शी रूप से चर्चा की जा सके। चयन की सम्पूर्ण प्रक्रिया इस वर्ष 15 अक्टूबर तक पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संशोधित समय सीमा के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।












