राजगढ़ में 11.6 ग्राम हेरोइन के साथ तीन युवक गिरफ्तार, एसआईयू नाहन की बड़ी कार्रवाई
सिरमौर जिला के राजगढ़ थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एसआईयू नाहन की टीम ने सोलन-राजगढ़ सड़क पर रतौली नाला के पास एक संदिग्ध ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका और तीन युवकों को 11.6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा रोकी गई कार (HP16A-3344) की तलाशी के दौरान चालक की तरफ के सनशेड फ्लैप में एक काले रुमाल में लिपटा हुआ नशीला सामान बरामद हुआ। उसमें चार इंसुलिन सिरिंज, एक जला हुआ 10 रुपये का नोट और हल्के भूरे रंग का डलीनुमा पदार्थ मिला। मौके पर एनडीपीएस किट से जांच में यह चिट्टा पाया गया।
पकड़े गए आरोपियों में 25 वर्षीय सचिन ठाकुर (गांव डिब्बर), 22 वर्षीय राहुल राणा (गांव सलेच) और 23 वर्षीय अंशुल राणा (गांव सरोट) शामिल हैं। तीनों आरोपी तहसील राजगढ़ से संबंधित हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
इस पूरे मामले की जांच एसआईयू नाहन के मुख्य आरक्षी राकेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार है और आगे जांच के जरिये इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।












