सरकाघाट में त्रिदिवसीय योग सेमिनार का आयोजन
सरकाघाट की शांत वादियों में 11 से 13 जुलाई तक तीन दिवसीय योग सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आनंद मार्ग प्रचारक संघ की सरकाघाट इकाई द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देशभर से अनेक साधक और संन्यासी भाग लेने आ रहे हैं। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन के गूढ़ रहस्यों को समझाना, योग के माध्यम से आंतरिक चेतना को जागृत करना और आनंद मार्ग के सामाजिक तथा आध्यात्मिक दृष्टिकोण को जनमानस तक पहुंचाना है। इस विशेष आयोजन में आनंद मार्ग सेवा दल डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी जनरल आचार्य नाभातीतानंद अवधूत मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे अपने गहन अनुभव और मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को योग और ध्यान के साथ-साथ आनंद मार्ग के सामाजिक एवं आर्थिक दर्शन की भी व्याख्या करेंगे। सेमिनार में शिमला, बिलासपुर और कुल्लू संभागों से बड़ी संख्या में आनंद मार्ग के अनुयायी भाग लेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भजन-कीर्तन और साधना की सत्रों के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया जाएगा, जिससे न केवल मानसिक शांति प्राप्त होगी, बल्कि आत्मिक जागरण की अनुभूति भी होगी। कार्यक्रम की रूपरेखा में योगिक जीवनशैली, मानव जीवन की जैविक संरचना, जीवन में पाप के कारणों की व्याख्या और प्राण धर्म की गहराइयों को उजागर किया जाएगा। यह आयोजन न केवल योग साधकों के लिए, बल्कि उन सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत सिद्ध होगा जो जीवन को एक समग्र दृष्टिकोण से समझना चाहते हैं।
इस आध्यात्मिक संगम का नेतृत्व आचार्य न्यायबोध ब्रह्मचारी, संभागीय सचिव, शिमला द्वारा किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां पूर्ण हैं और सरकाघाट इस योगमय वातावरण में साधना और संतुलन की नई अनुभूति के लिए सज चुका है।












