शारीरिक रूप से अक्षम पंचायत सचिव को दी जान से मारने की धमकी, ग्राम सभा में मिली पुलिस सुरक्षा
मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरी के दिव्यांग पंचायत सचिव गुरदेव इन दिनों तनाव में परेशान हैं। इसका कारण नागधार पंचायत निवासी रोशन लाल रोहित है। जिसने सरकारी कर्मचारी को 10 जुलाई को पंडोह के तीन पिपल से एक अन्य पंचायत सचिव चंद्रमणि के मोबाइल से गुरदेव को काल की और कहा कि मैं तुझे चार थप्पड़ मारूंगा। उस वक्त गुरदेव अपने कार्यालय ग्राम पंचायत सयोग में था। तभी थोड़ी देर में यह रोशन रोहित नामक व्यक्ति गुरदेव के कार्यालय में आ धमका और वहां पंचायत प्रधान, उप प्रधान के सामने उसने गुरदेव को जमकर गाली गलौज किया तथा धमकी देते हुए कहा कि मैं तुझे जान से मार दूंगा। तेरा 10 किलो तो वजन है, ब्यास नदी में फेंक दूंगा और कहा कि जब भी तु नागधार पंचायत में आएगा वहीं तुझे मार दुंगा। इस घटना से पंचायत सचिव गुरुदेव सहमा हुआ है। शारीरिक रूप से 70 फीसदी से ज्यादा विकलांग गुरदेव अब पंचायतों में जाने से घबरा रहा है। उसने उसे दिन 10 जुलाई को पूरी घटना की जानकारी पंडोह पुलिस को लिखित में देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की तथा पुलिस प्रोटेक्शन भी मांगी, ताकि वह अपनी नौकरी कर सके। बता दें कि गुरदेव के पास नागधार पंचायत का भी कार्यभार है जहां का आरोपी स्थाई निवासी हैं। इत्तफाक से 13 जुलाई को नागधार पंचायत में ग्राम सभा होनी सुनिश्चित की गई थी, जिसमें गुरदेव ने बतौर पंचायत सचिव पुरी कार्रवाई लिखनी थी। डर के कारण वह वहां नहीं जा रहा था। उसने पंडोह पुलिस से प्रोटक्शन मांगी तब पुलिस के साथ गुरुदेव ग्राम सभा में गया और ग्राम सभा को सफल किया। पहली बार नागधर पंचायत की ग्राम सभा पुलिस के पहरे में सम्पन्न हुई। गुरदेव ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। इस सम्बन्ध में पुलिस चौकी प्रभारी पंडोह अनिल कटोच ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है तथा सचिव को यथासंभव पुलिस प्रोटेक्शन भी दी जा रही है।












