ऑपरेशन सिंदूर के समय बंद की गई स्ट्रीट लाइट अभी तक पड़ी है बंद
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के समय भारत के छोटे बड़े शहरों सहित नगर परिषद नेरचौक में हुए ब्लैक आउट के तहत बंद हुई स्ट्रीट लाइट प्रशासन की लापरवाही के चलते अभी तक बंद पड़ी हुई है। हालांकि कुछ एक वार्डों में यह स्ट्रीट लाइट फिर से रात को जलना शुरू हो गई हैं लेकिन भंगरोटू बाजार में अभी भी रात को अंधेरा कायम है। बाजार में रात को अंधेरा होने की वजह से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां इन्हें चोरी की घटनाओं का भय सताने लगा है वहीं दूसरी तरफ रात को अंधेरे में हुड़दंग मचाने वाले व नशेबाज सक्रिय होने लगे हैं। लोगों ने इस बाबत नगर परिषद कार्यालय में इसकी शिकायत भी की है। लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है तथा लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उधर नगर परिषद कार्यालय में बताया गया है कि तकनीकी खराबी की वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई है। जिसका मरम्मत कार्य जारी है। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. नर्वदा अभिलाषी का कहना है कि उन्हें इस बारे में शिकायत प्राप्त हुई है और उन्होंने इस समस्या को लेकर विभाग के कर्मचारियों को निर्देश जारी किए हैं तथा शीघ्र ही स्ट्रीट लाइट का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।












