प्रदेश सरकार का कांगड़ा को सूबे की 'टूरिज्म कैपिटल' बनाने का दावा महज एक दिखावा : डॉ. राजीव भारद्वाज
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने सोमवार को सुंदरनगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांगड़ा को प्रदेश की 'टूरिज्म कैपिटल' बनाने के सरकार के दावे को केवल दिखावा बताया और कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में इस दिशा में गंभीर प्रयास करें, तो उनका स्वागत करने वाले पहले व्यक्ति वे स्वयं होंगे। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि कांगड़ा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश ये केवल घोषणाओं तक ही सीमित रह गई हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ बातें कर रहे हैं, धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि कांगड़ा से सांसद होने के नाते वे स्वयं संसद में इस विषय को बार-बार मजबूती से उठा रहे हैं। राजीव भारद्वाज ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की ओर से इन मुद्दों पर केंद्र सरकार को कोई प्रस्ताव भेजा ही नहीं जा रहा, जिससे योजनाओं पर अमल नहीं हो पा रहा है। उन्होंने पर्यटन विकास में रेल नेटवर्क की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पर्यटक आमतौर पर रेल मार्ग से यात्रा करना पसंद करते हैं। अगर कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना है तो मजबूत रेल संपर्क जरूरी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से अपील की कि वह कांगड़ा क्षेत्र में पर्यटन एवं रेल नेटवर्क को लेकर ठोस प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजे। तभी कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने का सपना साकार हो सकता है।
सीएम सुक्खू के 'व्यवस्था परिवर्तन' के दावे, प्रदेश में हो रहा 'व्यवस्था पतन
हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की रहस्यमयी मौत को लेकर प्रदेश की राजनीति में मची हलचल पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सांसद ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सार्वजनिक मंचों से 'व्यवस्था परिवर्तन' की बातें करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक विपरीत नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि जिस पुलिस विभाग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है। उसके ही आला अधिकारियों में आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में पुलिस विभाग का मुखिया संबंधित एसपी पर सवाल उठा रहा है, और एसपी विभागीय प्रमुख पर। यह स्पष्ट संकेत है कि व्यवस्था परिवर्तन की बजाय यहां व्यवस्था का ही पतन हो गया है।
बैजनाथ-पपरोला स्टेशन का आधुनिकीकरण पीएम मोदी के नए भारत का उदाहरण
सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पठानकोट- जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक पर स्थित बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नए भारत’ की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से सैकड़ों मील दूर एक छोटे से पहाड़ी क्षेत्र में अब विश्वस्तरीय रेलवे सुविधाएं उपलब्ध हो गई हैं, जो इस बात का प्रतीक हैं कि विकास अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा है। केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि हाई-क्लास सुविधाएं केवल सुविधा-संपन्न लोगों तक ही सीमित न रहें, बल्कि आम जनता भी उनका लाभ उठा सके। उन्होंने कहा कि हम यही तो देखना चाहते थे, एक ऐसा भारत जहां हर कोना तरक्की करे और हर नागरिक को समान अवसर मिले। यह प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत है, जो अब साकार हो रहा है।












