नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मिली ऐतिहासिक गति: जयराम ठाकुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर हिमाचल में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि मोदी का कार्यकाल देश की ऐतिहासिक प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का समय रहा है। उनके 11 सालों के नेतृत्व में भारत 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना, 50 करोड़ से अधिक लोगों के खाते खुले, 12 करोड़ को शौचालय और 3 करोड़ से ज्यादा को आवास मिला। मोदी के कार्यकाल में अनुच्छेद 370 हटाया गया, ट्रिपल तलाक समाप्त हुआ, भव्य राम मंदिर बना और अटल टनल जैसी परियोजनाएं पूरी हुईं। उन्होंने कहा कि मोदी के दिल में हिमाचल बसता है, यहां की परियोजनाओं को विशेष राज्य का दर्जा मिलने से केवल 10 प्रतिशत भागीदारी करनी पड़ती है। जय राम ठाकुर ने मंडी में मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी और रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया तथा उनके दीर्घायु जीवन के लिए यज्ञ में भाग लिया। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बाद हिमाचल को केंद्र से रिकॉर्ड सहयोग मिला, जिसमें 1500 करोड़ का राहत पैकेज, एनडीआरएफ व एफडीआरएफ से 205 करोड़, सड़कों की बहाली के लिए 200 करोड़ और केंद्रीय मंत्रियों के दौरे शामिल हैं। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि यह पैसा कहां गया, क्योंकि हालात जस के तस हैं, सड़कें टूटी हैं, मलबा जस का तस पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केंद्र से मिले आपदा राहत फंड को अन्यत्र खर्च कर रही है जबकि एरिया स्पेसिफिक फंड का उपयोग उसी क्षेत्र में होना चाहिए जहां नुकसान हुआ हो।












