त्रिलोचन कोठी–वन्योरका सड़क की हालत खस्ताहाल
. ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को सौंपा ज्ञापन
. सड़क सुधार की मांग की
गोपालपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत झंझैल के ग्रामीणों ने त्रिलोचन कोठी–वन्योरका सड़क की दयनीय हालत को लेकर लोक निर्माण विभाग से इसे शीघ्र सुधारने की मांग की है। स्थानीय पंचायत प्रधान सरिता सकलाणी की अध्यक्षता में अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, मंडल सरकाघाट को ज्ञापन सौंपकर बताया कि बरसात के कारण यह सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क कई पंचायतों को जोड़ती है और हरिजन बस्ती कंपोनेंट से होकर गुजरती है। इस मार्ग के उपयोग से लोगों को मुख्य सड़क तक पहुँचने के लिए लगभग पांच किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ती है, लेकिन खराब हालत के कारण इस समय राहगीरों और वाहन चालकों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में सड़क पर गड्ढे और कीचड़ भर जाने से स्थिति और भी खराब हो गई है। ग्राम पंचायत झंझैल के प्रधान ने कहा कि विभाग को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारू रूप से जारी रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की मरम्मत जल्द शुरू नहीं हुई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस मौके पर पंचायत प्रधान सरिता देवी, उपप्रधान कुलदीप, विनय राणा आदि उपस्थित रहे।












