ऊना: बच्चे की हरकत से अनियंत्रित हुई कार, बैरिकेड से टकराई; पुलिसकर्मी समेत दो घायल
मैहतपुर (ऊना)। ऊना जिले के मैहतपुर स्थित शहीद कैप्टन अमोल कालिया प्रवेश द्वार के समीप मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर बैरिकेड से जा टकराई। दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी और टोल प्लाजा का एक कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश का एक परिवार कार में सवार होकर धर्मशाला घूमने जा रहा था। इसी दौरान आगे की सीट पर अपनी मां के साथ बैठा एक बच्चा अचानक चालक की बाजू पर चढ़ गया, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क किनारे लगाए गए बैरिकेड से जा टकराई।
हादसे में मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारी संजीव कुमार तथा टोल प्लाजा का एक कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी मौके से हटा दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। इसलिए घटना को लेकर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।






