संधोल में विशाल तिरंगा यात्रा के माध्यम से भारतीय सेना के पराक्रम को किया गया नमन
भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के विरुद्ध की गई निर्णायक कार्रवाई और पाकिस्तान के खिलाफ दिखाए गए पराक्रम के समर्थन में देशभर में चल रही तिरंगा यात्राओं की शृंखला में धर्मपुर विधानसभा के विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है इसी कड़ी में सोमवार को सन्धोल क्षेत्र में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में स्थानीय पूर्व सैनिक लीग, स्थानीय गुरुकुल तथा सरस्वती मंदिर स्कूल के छात्रों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। यह तिरंगा यात्रा संधोल बाजार से होकर निकाली गई, जिसमें लोगों ने तिरंगा झंडा हाथों में थाम रखा था। लगभग एक किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान "भारत माता की जय", "भारतीय सेना की जय", "वंदे मातरम्" और "पाकिस्तान मुर्दाबाद" जैसे जोशीले नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा। पूर्व सैनिक कर्नल खेम सिंह ने भारतीय सेना के अदम्य साहस की सराहना की। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के साहस और बलिदान को सम्मानित करना, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता फैलाना था।












