सुंदरनगर का नशा तस्कर भांबला क्षेत्र में कर रहा था चिट्टे की सप्लाई, एसआईयू टीम ने 10.07 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार
जिला मंडी में हेरोइन तस्करों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी है। ताजा मामले में पुलिस थाना हटली के अंतर्गत सुंदरनगर डोडवां के रहने वाले 30 वर्षीय आरोपी से स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने 10.07 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में पुलिस थाना हटली ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। एसआईयू टीम ने यह कार्रवाई गश्त के दौरान अमल में लाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की एसआईयू टीम शुक्रवार देर शाम गश्त पर थी। इस दौरान टीम ने जब भांबला क्षेत्र के अप्पर भांबला में एक स्कूटी नंबर एचपी-31डी- 3715 को संदिग्ध रूप से आते हुए देखा। पुलिस टीम ने स्कूटी चालक को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 10.07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपी की पहचान ललित कुमार (30) पुत्र चमन लाल निवासी गांव डोडवां डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर जिला मंडी के रूप में हुई है। मौके पर कार्रवाई अमल में लाने के बाद एसआईयू टीम ने जांच पुलिस थाना हटली को सौंप दी है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशे की यह खेप कहां से लाया था और किन्हें इसकी आपूर्ति की जानी थी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी है और युवाओं को नशे से बचाने के लिए कठोर कार्रवाई की जा रही है।












