विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने दिया नशामुक्ति का संदेश
करियर एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अंतर सदन लघु नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने नाटक के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान और समाज पर पड़ने वाले प्रभावों को बेहद प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में आर्कटिक सदन की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। टीम के सदस्य प्रत्युष, परिधि, शाम्भवी, फिओना, इशिता, चिन्मय, समीप और अर्नव ने बेहतरीन अभिनय और गहन संदेश के माध्यम से दर्शकों का मन जीता। पैसिफिक सदन दूसरे और इंडियन सदन तीसरे स्थान पर रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने छात्रों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके सेवन से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी विकसित करती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन एस एस राठी, निदेशिका मधुलिका राठी और मनोज राठी भी उपस्थित रहे।
चेयरमैन एस एस राठी ने कहा कि छात्र जिस तरह समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं, वह सराहनीय है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ समाज में बदलाव लाने की प्रेरणा भी देती हैं। सभी को मिलकर नशा मुक्त समाज की दिशा में कार्य करना चाहिए।












