करसाल खड्ड में छात्र की डूबने से मौत, केके सकलानी ने परिजनों से मिल जताया शोक
लडभड़ोल क्षेत्र के करसाल गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। बीते दिनों करसाल खड्ड में नहाने गए 16 वर्षीय छात्र शुभम की डूबने से मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना न केवल मृतक परिवार बल्कि पूरे जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र को झकझोर गई है।जानकारी के अनुसार, शुभम अपने दोस्तों के साथ करसाल खड्ड में नहाने गया था। खड्ड की गहराई का अंदाज़ा न लग पाने के चलते शुभम पानी में डूब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता केके सकलानी मृतक छात्र शुभम के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।केके सकलानी ने कहा कि यह हादसा उन्हें व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत कर गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया और कहा कि इस दुःख की घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं।साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए खड्डों व अन्य जलस्रोतों के पास सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएं। सकलानी ने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि वे युवाओं को खतरनाक स्थलों पर न जाने के लिए जागरूक करें।












