राज्य की सबसे बड़ी स्कॉलरशिप परीक्षा हुई आयोजित, 5 लाख से अधिक छात्रों ने लिया भाग
हिमाचल प्रदेश सरकार ने क्रैक एकेडमी के सहयोग से राज्य की अब तक की सबसे बड़ी स्कॉलरशिप परीक्षा “मेरे शहर के 100 रत्न” का सफलतापूर्वक आयोजन मंगलवार को किया। इस परीक्षा में कक्षा छठी से सातवीं तक के 5 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया, जो कि राज्य भर के 3,500 सरकारी और निजी स्कूलों में एक साथ आयोजित की गई। क्रैक एकेडमी के संस्थापक और सीईओ नीरज कंसल ने बताए कि यह पहली बार था जब हिमाचल प्रदेश में इतने बड़े पैमाने पर कोई शैक्षणिक गतिविधि आयोजित की गई, जिसने राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में लाखों छात्रों को एकजुट किया। छात्रों ने हफ्तों तक उत्साहपूर्वक तैयारी की और इस परीक्षा में बड़े जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया, इसे अपने शैक्षणिक भविष्य को संवारने का सुनहरा अवसर माना। इस स्कॉलरशिप पहल का उद्देश्य मेधावी छात्रों को उच्च गुणवत्ता की कोचिंग तक पहुंच प्रदान करना है। राज्य के प्रत्येक 68 विधानसभा क्षेत्रों से शीर्ष 100 छात्रों को क्रैक एकेडमी द्वारा पूर्णतः निःशुल्क कोचिंग स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी, जिससे कुल 6,800 छात्रों को पूर्ण छात्रवृत्ति मिलेगी। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक क्षेत्र से अगले 200 छात्रों को 75 प्रतिशत शुल्क में छूट और इसके बाद के 500 छात्रों को 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। चयनित छात्रों को यूपीएससी, एचपीएएस, जेईई, एनईईटी, कौशल विकास कार्यक्रमों और अन्य पाठ्यक्रमों की तैयारी का अवसर मिलेगा। क्रैक एकेडमी ने राज्य भर में 70 भौतिक केंद्र भी स्थापित किए हैं, जहां छात्र ऑफलाइन कोचिंग प्राप्त कर सकते हैं, साथ ही संस्थान की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। क्रैक एकेडमी के संस्थापक और सीईओ नीरज कंसल ने इस पहल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा यह स्कॉलरशिप परीक्षा केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं थी, बल्कि हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के प्रति आकांक्षा का उत्सव थी। इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शिक्षा सचिव, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, उपनिदेशकगण, साथ ही सभी छात्रों, शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और समर्पित प्रबंधन एवं प्रशासनिक टीमों का धन्यवाद करता हूं, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह परीक्षा ऐतिहासिक रूप से सफल रही। मूल्यांकन प्रक्रिया को डिजिटल रूप से ओएमआर शीट स्कैनिंग के माध्यम से निष्पादित किया जाएगा ताकि पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके। इस स्कॉलरशिप परीक्षा का परिणाम 10 जून 2025 को घोषित किया जाएगा और क्रैक एकेडमी के ऐप पर उपलब्ध होगा।












