प्रवक्ता संघ के राज्य स्तरीय चुनाव सुंदरनगर में संपन्न
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के राज्य स्तरीय चुनाव सुंदरनगर में संपन्न हुए। विदित रहे कि यह चुनाव त्रैवार्षिक होते हैं तथा जिसमें प्रदेश भर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में कार्यरत प्रवक्ताओं द्वारा अपने संघ का अध्यक्ष व उसकी कार्यकारिणी को चुना जाता है। तीन वर्ष के बाद ये चुनाव जिला मंडी के सुंदरनगर में कृषि विभाग के कम्युनिटी हॉल में आयोजित हुए। इस चुनाव में प्रदेश भर से आए लगभग 800 प्रवक्ताओं ने भाग लिया। सबसे पहले वित्त सचिव ने अपना लेखा-जोखा हाउस में रखा तथा सचिव संजीव ठाकुर ने अपने कार्यकाल की रिपोर्ट हाउस के सामने रखी। इसके बाद विभिन्न जिलों से आए हुए जिला अध्यक्षों ने अपनी अपनी बात मंच पर रखी। सभी अध्यक्षों ने वर्तमान समय में प्रवक्ता संघ को और मजबूत करने की बात कही ताकि प्रवक्ता साथियों की विभिन्न भागों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जा सके। इसके बाद राज्य प्रधान लोकेंद्र नेगी ने प्रवक्ता संघ द्वारा पिछले 3 वर्षों में किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया तथा कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई तथा चुनाव करवाने आए हरि शर्मा, राजेंद्र वर्मा, विजय शर्मा, संजीव पराशर राजेंद्र बेकटा व तेज सिंह द्वारा चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई। नामांकन प्रक्रिया में शिमला जिला से अजय नेगी व जिला हमीरपुर से संजीव ठाकुर ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद मत डालने की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान के बाद चुनावी टीम द्वारा मत गिने गए। मतगणना के बाद अजय नेगी को 419 वह संजीव ठाकुर को 311 मत प्राप्त हुए तथा चार मत अवैध घोषित हुए। इन मतों की गणना के आधार पर अजय नेगी 108 मतों से अपने प्रतिद्वंदी संजीव ठाकुर को हरा करके हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के नए राज्य अध्यक्ष बने। इसके साथ जिला सिरमौर से सुरेंद्र पुंडीर को प्रवक्ता संघ का चेयरमैन तथा चंबा जिले से दीप सिंह खन्ना को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। जिला मंडी के इंद्र सिंह को राज्य सचिव चुना गया। अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रधान अजय नेगी ने बताया कि राज्य प्रवक्ता संघ प्रवक्ता साथियों की हर एक मांग पर को सरकार के सामने मजबूती से रखेगा और उसे पूरा करवाने का भरपूर प्रयास करेगा। उन्होंने कहा है कि हम मिलजुल कर इस प्रवक्ता संघ को और मजबूत बनाएंगे। इस अवसर पर जिला बिलासपुर के प्रधान नरेश कुमार, हमीरपुर के अध्यक्ष गौतम सिंह, कुल्लू के अध्यक्ष राजपाल ठाकुर, मंडी के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, सोलन के अध्यक्ष जियालाल, ऊना के अध्यक्ष शशि सैनी व कांगड़ा के अध्यक्ष सिकंदर मिन्हास जिला मंडी के पूर्व अध्यक्ष राजेश सैनी पर पूर्व सचिव जय राम शर्मा सहित लगभग 800 प्रवक्ता मौजूद रहे।












