एसपीयू सुंदरनगर कैंपस में ही रहे, वैकल्पिक व्यवस्था करे सरकार - विक्रांत ठाकुर
विक्रांत ठाकुर ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय परिसर सुंदरनगर में ही रहना चाहिए। इस परिसर को सुंदरनगर से शिफ्ट करने का सरकारी आदेश किसी भी लिहाज से सही नहीं है। केंद्र सरकार से प्राप्त 10 करोड़ की ग्रांट से बनी क्लस्टर यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग को एक सरकारी विश्वविद्यालय से छीनकर एक निजी कॉलेज को देने का प्रदेश सरकार निर्णय अपने आप में कई सवालों को को जन्म देता है। वह भी उसे समय जब प्रदेश सरकार की वित्तीय स्थिति दयनीय अवस्था में है और सरकार करोड़ों की सरकारी सम्पत्ति प्राइवेट कॉलेज को मुफ्त में बांट रही है। विक्रांत ठाकुर ने कहा कि सरकार और एलएसएम कॉलेज के बीच पहले से साइन एमओयू के अनुसार क्लस्टर यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग का उपयोग यूनिवर्सिटी और एलएसएम कॉलेज दोनों पक्षों ने मिलकर छात्र हित में करना था। पिछले साल अक्टूबर महीने तक एलएसएम कॉलेज एसपीयू की बिल्डिंग की दो-तीन मंजिलों की मांग कर रहा था। लेकिन प्रदेश सरकार ने 10 करोड़ से बनी पूरी बिल्डिंग ही एलएसएम कॉलेज को सौंपने का आदेश जारी कर दिया। जिसके परिणाम स्वरूप एसपीयू सुंदरनगर कैंपस अब बंद होने जा रहा है, जोकि सुंदरनगर के विद्यार्थियों, व्यापारी वर्ग और आम जनता के हित में नहीं है। इसलिए सुंदरनगर की बार काउंसिल सरकार से यह मांग करती है की सरकार अपने निर्णय पर एक बार फिर विचार करे और एसपीयू सुंदरनगर कैंपस के वैकल्पिक व्यवस्था सुंदरनगर या इसके आसपास करे ताकि इस महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान का लाभ सुंदरनगर के विद्यार्थियों, व्यापारी वर्ग और आम जनता को मिल सके। विक्रांत ठाकुर के अनुसार अभी इस मुददे पर वे सभी कानूनी विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर बार काउंसिल सुंदरनगर जनहित में जरुरी कदम उठाने से गुरेज नहीं करेगी। इस मौके पर बार एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट जितेंद्र शर्मा, सेक्रेटरी प्रमोद कुमार, एडवोकेट रविंद्र शर्मा, हर्ष राणा, महेश्वर सिंह सेन एडवोकेट अंशुल शर्मा और एडवोकेट आशीष सेन भी मौजूद रहे।












