बरोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी, समाजसेवियों ने दान से दिया सहारा
बरोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति विगत कुछ समय से अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। चौहार और छोटा भंगाल घाटी के इस केंद्रीय स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से चिकित्सकों की भारी कमी है। चार स्वीकृत डॉक्टरों में से सभी का स्थानांतरण हो जाने के कारण यह केंद्र दो महीनों तक बिना डॉक्टर के ही चलता रहा। केवल एक दंत चिकित्सक के सहारे मरीजों को सेवा दी जा रही थी। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और जनता की मांग पर सरकार ने इसी माह एक डॉक्टर की तैनाती की, जिससे कुछ राहत मिली है। हालांकि अब भी केंद्र को पूरी तरह से संचालित करने के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और स्टाफ की दरकार बनी हुई है। दंत चिकित्सा सुविधाओं की कमी से भी मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को देखते हुए घाटी के 11 समाजसेवियों ने सराहनीय पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट को करीब 30 हजार रुपए की एंडोमोटर और डेंटल कंप्रेसर मशीन दान की है। इस पुनीत कार्य में मनोज कुमार, लोक राज, शिवजीत, विनोद, बलवीर ठाकुर, सोमा देवी, निहाल चंद, मंगत राम, भवानी दत्त, जय सिंह और राज कृष्ण शामिल रहे। दंत चिकित्सक अविनाश ने समाजसेवियों के इस योगदान के लिए दिल से आभार जताया और इसे स्वास्थ्य सेवा की दिशा में बड़ा योगदान बताया। इस पहल से न केवल मरीजों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों में सहयोग और जागरूकता की भावना को भी बल मिलेगा। यह कदम सरकार और जनता के बीच साझा प्रयास का उत्तम उदाहरण बन गया है।












