शनि जयंती धूमधाम से मनाई, श्रद्धालुओं में बंटा दो क्विंटल खिचड़ी का प्रसाद
शहर में सोमवार को शनि जयंती का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शनि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने न्याय के देवता शनि महाराज की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की और प्रसाद ग्रहण किया। शानन पावर हाउस स्थित शनि एवं नवग्रह मंदिर में इस अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यहां 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ और हवन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने शनि देव को तेल और तिल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। हर वर्ष की भांति इस बार भी मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। कमेटी सदस्य सुरेंद्र काचरू ने बताया कि इस बार दो क्विंटल खिचड़ी, 25 किलो देसी घी और डेढ़ क्विंटल दही का प्रसाद वितरित किया गया। तीन प्रकार की खिचड़ी — राजमाह, माह और सोयाबीन — प्रसाद स्वरूप परोसी गई। इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान एसडीओ कुलजीत सिंह, सचिव राजेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, तथा अन्य सदस्य राजेश ठाकुर, सुरेंद्र काचरू, योगराज, ज्योति प्रकाश, रवि कुमार, मनजीत परमार और मनजीत ठाकुर मौजूद रहे। उधर, ढेलू स्थित शनि मंदिर में भी आज विशेष पूजा, हवन और पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।












