शिक्षाविद स्कूल पधर की छात्रा मानवी का नवोदय विद्यालय में चयन
शिक्षाविद स्कूल पधर की कक्षा छठी की प्रतिभावान छात्रा मानवी ने जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) की प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मानवी ने जेएनवी की छठी कक्षा में प्रवेश हेतु आयोजित परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के चेयरमैन सुनील डोगरा ने कहा कि मानवी एक मेहनती और अनुशासित छात्रा रही है। उसके पिता एक कोचिंग अकादमी का संचालन करते हैं, वहीं माता कानूनगो के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन का उसे भरपूर लाभ मिला, जिसका प्रतिफल अब सामने आया है। विद्यालय के चेयरमैन सुनील डोगरा ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि शिक्षाविद स्कूल पधर में बच्चों की आधारभूत शिक्षा, सर्वांगीण विकास और प्रतिभा संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालय में चयनित होने वाली मानवी, इस स्कूल से चयनित तीसरी छात्रा है। वह भी स्कूल के अल्पकालीन इतिहास में, जो संस्था की गुणवत्ता और समर्पण को दर्शाता है। सुनील डोगरा ने यह भी बताया कि हाल ही में घोषित दसवीं कक्षा के परिणामों में भी विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्तम अंक अर्जित करते हुए परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की, जो संस्था के शिक्षण स्तर का प्रमाण है।विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने मानवी को इस सफलता पर हार्दिक बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












