एस.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने ‘नॉन-तंबाकू डे’ पर निकाली जागरूकता रैली
एस.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल सरकाघाट में 31 मई को प्रतिवर्ष की भांति ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस (नॉन-तंबाकू डे)’ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर से लेकर सचिवालय तक जागरूकता रैली निकाली तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू और अन्य नशे के दुष्प्रभावों पर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र गौतम ने की। उन्होंने बच्चों को तंबाकू और नशे के अन्य स्वरूपों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के नशे से मुक्ति आत्मबल और संकल्प से संभव है। गौतम ने कहा कि तंबाकू का सेवन फेफड़ों, हृदय व शरीर के अन्य अंगों को गहरा नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इससे दूरी बनाना बेहद जरूरी है। सरकाघाट पुलिस थाना से एएसआई अनिल कुमार ने भी विद्यार्थियों तथा पार्क के आसपास मौजूद आम जनमानस को नशे के प्रभावों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य नरेंद्र गौतम ने ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी साझा की।












