रुद्राक्ष ने सायर एकत्र कर नदी में प्रवाहित की, अपील– पूजन सामग्री जरूरतमंदों को दें
गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी रुद्राक्ष ने स्कूल बाजार स्थित जल स्त्रोत के पास लोगों द्वारा रखी गई सायर को एकत्र कर विधिवत रूप से नदी में प्रवाहित किया। उन्होंने कहा कि हर साल लोग श्रद्धा भाव से सायर का पूजन करते हैं, परंतु दूसरे दिन यही सायर अक्सर कूड़े की गाड़ी में कचरे के रूप में चली जाती है, जो श्रद्धा की अवहेलना है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पूजन के बाद सायर को जल स्त्रोत के पास रखने से पूर्व या प्रवाहित करने से पहले उसमें रखे अखरोट, पैसे, फल, भल्ले और बाबरु जैसी खाद्य या उपयोगी वस्तुएं निकाल लें और इन्हें किसी जरूरतमंद व्यक्ति को दान दें। ऐसा करने से ये वस्तुएं नष्ट नहीं होंगी और किसी के काम आ सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक छोटा कदम होगा, बल्कि मानवता और सेवा भाव की दृष्टि से भी एक सार्थक प्रयास है। रुद्राक्ष के इस कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे एक प्रेरणादायक पहल बताया जो हर किसी को अपनानी चाहिए।












