जिला परिषद वार्डों का पुनर्गठन प्रारूप जारी, सात दिनों में मांगे गए सुझाव, भराड़ू-बड़ीधार वार्ड समाप्त, मैन भरोला पंचायत ने जताया विरोध
जिला मंडी में जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का प्रारूप मंगलवार को उपायुक्त मंडी द्वारा जारी किया गया। इस प्रारूप के तहत आम जनता को आगामी सात दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। नए प्रारूप के अनुसार जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतों की सीमाओं में फेरबदल किया गया है, जिससे जनसंख्या वितरण और प्रशासनिक दायरे में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है। पुनर्गठन में सबसे बड़ा बदलाव भराड़ू-बड़ीधार वार्ड के अस्तित्व को समाप्त कर दिया गया है। इस वार्ड की पंचायतों को अब द्रंग पंचायत समिति के नेरघरवासडा और डलाह वार्डों में सम्मिलित किया गया है। वहीं चौंतड़ा पंचायत समिति के अंतर्गत अब तीन नए जिला परिषद वार्ड गठित किए गए हैं, जिनमें वार्ड 1 ढेलू, वार्ड 35 लांगणा और वार्ड 36 दलेड़ शामिल हैं। इन तीनों वार्डों की सीमाओं में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। वार्ड 1 ढेलू में अब कुल 9 पंचायतें — गलू, ढेलू, सैंथल-पड़ैन, चौंतड़ा, सगनेहड़, पस्सल, तलकेहड़, भड़याड़ा और टिकरी मुशैहरा — शामिल हैं, जबकि पहले इसमें 13 पंचायतें थीं। अब इस वार्ड की कुल जनसंख्या 22,194 हो गई है। पुनर्गठन के तहत कुछ पंचायतों को ढेलू वार्ड से हटाकर दलेड़ वार्ड में शामिल कर दिया गया है।
वार्ड 35 लांगणा में कुल 17 पंचायतों को जोड़ा गया है जिनमें बुहला भरियाड़ा , कुठेहड़ा, पिपली, द्रुब्बल, धार, लांगणा, खड़ीहार, त्रैंबली, बगैहर रक्तल, तुलाह, ऊटपुर, सिमस, भड़ाेल, कथौण, खद्दर, कोलंग और द्राहल शामिल हैं। इस वार्ड की जनसंख्या अब 23,831 हो गई है।
वार्ड 36 दलेड़ में कुल 16 पंचायतें सम्मिलित की गई हैं जिनमें टिकरू, रोपड़ी कलैहडू, बगेहड़, खुड्डी, दलेड़, ममाण बनांदर, पिहड़ बेहडलू, रोपड़ी, मतेहड़, बाग, बदेहड़, मटरू, ऐहजू, गोलवां, ऊपरी धार और मैन भरोला शामिल हैं। इस वार्ड की कुल जनसंख्या 24,956 दर्ज की गई है।
द्रंग पंचायत समिति के तहत आने वाले वार्ड 2 नेरघरवासडा में अब कुल 15 पंचायतें सम्मिलित की गई हैं, जिनमें हारगुनैण, रोपापधर, गुम्मा, नेरघरवासडा, कस, भराड़ू, नौहली, बातारीबिहू, चलाहरग, बल्ह, मसौली, दारट बगला, जलपेहड़, निचला गरोडू और जिमजिमा शामिल हैं। इस वार्ड की जनसंख्या 32,735 तय की गई है।
पुनर्गठन के बाद कुछ पंचायतों में असंतोष भी सामने आने लगा है। मैन भरोला पंचायत को नेरघरवासडा वार्ड से हटाकर दलेड़ वार्ड में शामिल किया गया है, जिसका पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। पंचायत के उपप्रधान संजय जम्वाल ने कहा कि मैन भरोला को दलेड़ में जोड़ना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। भौगोलिक स्थिति और सुविधाओं के अनुसार यह पंचायत ढेलू वार्ड में अधिक उपयुक्त बैठती है। उन्होंने कहा कि पंचायत के लोग इस निर्णय का विरोध करेंगे और इसे बदलने की मांग उठाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुनर्गठन प्रारूप पर अंतिम निर्णय से पहले जनता की आपत्तियों और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।












