शनि जयंती पर जोगिंद्रनगर में धूमधाम से हुए धार्मिक आयोजन
जोगिंद्रनगर उपमंडल में मंगलवार को शनि जयंती के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस मौके पर ढेंलू स्थित शनि मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। मुख्य कार्यक्रम ढेंलू के शनि मंदिर में आयोजित किया गया, जहां आचार्य राकेश शर्मा के सान्निध्य में हनुमान चालीसा पाठ, हवन-यज्ञ और शनि देव की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर समस्त वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शनि जयंती के विशेष आयोजन में शनि देव की कथा का भी पाठ किया गया। आचार्य राकेश शर्मा ने शनि देव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि शनि देव सूर्य भगवान और छाया माता के पुत्र हैं। उनके जन्म के समय से ही उनके भीतर गहन आध्यात्मिक शक्ति और न्याय का भाव था। ऐसा माना जाता है कि जब शनि देव की दृष्टि सूर्य पर पड़ी थी, तब सूर्य को कुष्ठ रोग हो गया था, इसी कारण उन्हें 'दृष्टि दोष' का स्वामी माना जाता है। आचार्य ने बताया कि शनि देव को कर्मफलदाता और न्यायप्रिय देवता के रूप में पूजा जाता है। वे हर जीव को उसके कर्मों के अनुसार दंड या पुरस्कार प्रदान करते हैं। वह व्यक्ति जो अपने जीवन में अनुशासन, सच्चाई और कर्मशीलता का पालन करता है, शनि देव की कृपा का पात्र बनता है। वहीं, बुरे कर्म करने वालों के लिए वे कड़ा दंड भी देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की कुंडली में शनि की दशा या साढ़ेसाती चल रही हो, उन्हें शनिवार के दिन शनि देव को तेल, काले तिल, कंबल आदि का दान करना चाहिए और हनुमान जी की पूजा व हनुमान चालीसा का नियमित पाठ करना लाभकारी होता है। हर वर्ष की भांति इस बार भी मंदिर कमेटी की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 1500 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष ठाकुर ने बताया कि यह आयोजन समाज में धार्मिक भावना और एकता को प्रबल करने का कार्य करता है। उन्होंने भंडारे को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं और कमेटी सदस्यों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर उपप्रधान प्रेम सिंह, सचिव नेकराम, सलाहकार मस्तराम, प्रेस सचिव विसन दास बहल, कोषाध्यक्ष भोला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त, मां जालपा मंदिर परिसर में स्थित शनि मंदिर में भी विशेष पूजा और हवन का आयोजन किया गया। यहां भी श्रद्धालुओं ने शनि देव की पूजा कर जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व सांसद स्वर्गीय रामस्वरूप के सुपुत्र शांति स्वरूप शर्मा, बीजेपी बूथ अध्यक्ष मसौली दीपन कुमार, मंडल कमेटी के सदस्य यादव सिंह, एबीवीपी के कार्यकर्ता आयुष ठाकुर, अमन ठाकुर, समी, मुनीम सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में शनि जयंती को लेकर उत्साह और आस्था का माहौल रहा।












