दिल्ली के रवि सैनी रहे टांडा दंगल की बड़ी माली के विजेता, दीपक पंजाब उपविजेता
टांडा छिंज कमेटी द्वारा बल्ह क्षेत्र के टांडा में आयोजित विशाल दंगल में देश के विभिन्न राज्यों के अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों के साथ-साथ ईरान से आए पहलवानों ने भी दमखम दिखाया। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने दंगल का भरपूर आनंद लिया।
दंगल में मुख्यातिथि अभिलाषी समूह के अध्यक्ष डॉ. आर.के. अभिलाषी, डॉ. ललित अभिलाषी, नरेंद्र कुमार मुख्यातिथि और समाजसेवी एवं प्रदेश स्टोन क्रशर संघ के उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर विशेष अतिथि रहे। इस अवसर पर समाजसेवी जगदीश ठाकुर ने छिंज कमेटी को 25 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की। यह दंगल हर वर्ष बारी-बारी से छिंज कमेटी और अभिलाषी परिवार द्वारा आयोजित किया जाता है। इस बार आयोजन की जिम्मेदारी छिंज कमेटी के पास थी। जनता की मांग पर कुछ बड़े मुकाबले भी कराए गए, जिनमें विजेता पहलवान को 51 हजार रुपये और उपविजेता को 21 हजार रुपये अन्य विजेता को 21 हजार की विशेष नकद राशि दी गई।
दंगल में एक से बढ़कर एक मुकाबले हुए। जिसमें बड़ी माली के विजेता दिल्ली के रवि सैनी और उपविजेता पंजाब के दीपक बने।
विजेता को इकतीस हजार नगद और गरज तथा उप विजेता को इक्कीस हजार रुपए पुरस्कार दिए गए।छोटी माली में हनुमान अखाड़ा दिल्ली के बलवान और बल्ह सोयरा में कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें अहिमन अखाड़ा के बलवान ने बाजी मारी। छोटी माली विजेता को कमेटी द्वारा इक्कीस हजार उपविजेता को पंद्रह हजार रुपए से सम्मानित किया। वहीं अंडर 19 माली मुकाबले में शौर्यवीर यादव और दिल्ली के जयपाल के मध्य मुकाबला हुआ। लंबे समय यह चले इस मुकाबले में शौर्यवीर यादव विजेता रहा। जिसमें विजेता पहलवान को इक्कीस हजार और उपविजेता को नौ हजार रुपए पुरस्कार राशि दी गई।
दंगल में कमेटी प्रधान शेर सिंह, उपप्रधान रूप लाल, कोषाध्यक्ष प्रकाश नायक, सचिव राम, राजेश नायक, काकू, मूनी लाल, सतीश, उत्तम चंद, जयराम, बी.आर. नायक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। देर रात तक चले इस दंगल में लोगों का जोश देखने लायक था।












