इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को मोबाइल देने के बहाने बुलाया, होटल में दुष्कर्म का आरोप, दुकानदार फरार
मंडी शहर में एक मोबाइल विक्रेता पर इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की शहर में मोबाइल दुकान है। उसने सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग से संपर्क कर दोस्ती बढ़ाई और फिर नया मोबाइल देने के बहाने उसे दुकान पर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया है और उसके पंजाब भागने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, शुक्रवार को मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता ने मेडिकल जांच और मजिस्ट्रेट के सामने बयान देने से इनकार कर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जांच जारी है।












