नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 845 ग्राम चरस सहित युवक गिरफ्तार, सुंदरनगर उपमंडल में 24 घंटों में दर्ज मामलों की संख्या पहुंची 5
उपमंडल सुंदरनगर में नशे के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान में पुलिस को लगातार कामयाबी मिल रही है। बुधवार को अभियान के तहत पुलिस ने एक और मामले में सफलता दर्ज की, जिससे पिछले 24 घंटों के भीतर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। लगातार हो रही कार्रवाई से जिला में नशा माफिया की कमर टूटती नजर आ रही है। पुलिस के अनुसार आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक तेज किया जाएगा जिससे नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। ताजा मामले में उपमंडल के पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी टीम ने एक पंजाब रोडवेज की बस में सफर कर रहे चंबा के रहने वाले 25 वर्षीय चरस तस्कर को 845 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी की टीम बुधवार को नाकाबंदी के दौरान बीबीएमबी जलाशय के करीब सुंदरनगर- मंडी सड़क मार्ग पर मौजूद थी। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल खेम सिंह, कांस्टेबल राजेश और महिला एचएचसी तारा वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने मौके पर मंडी की ओर आ रही मणिकर्ण से जालंधर जा रही पंजाब रोडवेज की बस को चेकिंग के लिए रोका। जांच के दौरान बस में सफर कर रहे युवक ऋषि (25) निवासी गांव डंडोडी डाकघर आंदल तहसील सलूणी जिला चंबा के साइड बैग की तलाशी ली गई। इसमें युवक के बैग में रखे दो प्लास्टिक पैकेटों से कुल 845 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में एफआईआर दर्ज कर हिरासत में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा और क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।












