मंडप में गंदगी के लगे ढेर, राहगीरों को चलना हुआ मुश्किल
धर्मपुर उपमंडल की उप तहसील मंडप में मंडप से छात्र सड़क मार्ग के किनारे पंचायत द्वारा कूड़ा करकट के लिए जो संयंत्र लगा रखा है, वह गंदगी और कूड़ा करकट से भर चुका है। यही नहीं अब लोगों ने इसके बाहर भी कूड़ा करकट फेंकना शुरू कर दिया है। इस कूड़ा करकट के यहां फेंकने से सड़क पर चलने वाले राहगीरों व स्कूली बच्चों को बदबू के चलते यहां से नाक बंद करके जाना पड़ता है। समय रहते अगर इस गंदगी का निदान नहीं हुआ तो यह भयंकर बीमारी को न्योता दे सकती है। इस बारे जब पंचायत प्रधान रितु निराला से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मंडप में स्थानीय लोगों ने अपने घर प्रवासी लोगों को किराए पर दे रखे है और वही लोग अपने कमरों का कूड़ा करकट वहां फैंक देते हैं। पंचायत प्रधान ने स्थानीय मकान मालिकों पर आरोप लगाया है कि इन्होंने प्रवासी लोगों को मकान किराए पर दे रखे हैं जिनका पुलिस थाना में भी एंट्री दर्ज नहीं है और इस गंदगी के लिए यही लोग जिम्मेदार हैं। पंचायत प्रधान ने पुलिस थाना प्रभारी धर्मपुर से भी आग्रह किया है कि मंडप में रह रहे प्रवासी लोगों की जांच पड़ताल की जाए और जिन लोगों ने अपने मकान किराए पर दे रखे हैं उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई अमल बनाई जाए, वहीं दूसरी तरफ जब नायब तहसीलदार मंडप ओम शिखा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों से बात करके इस समस्या का समाधान जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा और इस कूड़े कचरे को यहां से हटा दिया जाएगा।












