भ्रां गांव में 19 दिन से पानी को तरस रहे लोग, महिला मंडल ने जताया रोष
बरसात के मौसम के बावजूद जोगिंद्रनगर उपमंडल के भ्रां गांव की आधी आबादी पिछले 19 दिनों से पेयजल संकट से जूझ रही है। ग्रामीणों को पीने के लिए साफ पानी तक मयस्सर नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों में भारी रोष है। नवज्योति महिला मंडल की प्रधान चंचला देवी, रीता देवी और अंजली ने बताया कि उन्होंने विभाग को कई बार समस्या से अवगत करवाया, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला है। महिलाओं का कहना है कि पानी के लिए उन्हें दूर-दराज के स्थानों पर भटकना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले जल शक्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और पाइप जोड़ने की बात कही थी, लेकिन वह भी अब बीती बात हो गई है। महिला मंडल ने चेताया है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो गांव में गंदे व बरसाती पानी के सेवन से बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता प्यारेलाल ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर आदेश जारी किए जा रहे हैं और जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।












