मंडी में याद किए पंडित नेहरू व रमाबाई भीमराव अंबेडकर
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री व आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर गांधी भवन में कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि भेंट की। इस मौके पर अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता चमन राही ने कहा कि आज ही के दिन पंडित जवाहर लाल नेहरू के साथ साथ त्याग, बलिदान एवं साहस की प्रतीक रमाबाई भीमराव अंबेडकर की
पुण्यतिथि पर शत शत नमन करते हैं। चमन राही ने कहा कि सभी कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के सपने को साकार करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पंडित नेहरू देश की आजादी के लिए कई बार जेल गए। उन्होंने गुट निरपेक्ष आंदोलन की नींव रखी और सदैव शांति और संयम पर जोर दिया। उनके प्रधानमंत्री काल में भारत का चहुंमुखी विकास हुआ है। बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से पुकारते थे। आज हमारा देश जिस बुनियाद पर खड़ा है उसकी नींव देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की दूरदर्षिता और बुलंद इरादों की ही देन है। उसी तर्ज पर रमाबाई भीमराब अंबेडकर ने संविधान निर्माण में डॉ. बीआर अंबेडकर का साथ दिया था। इसलिए आज उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं। इस अवसर पर सन्नी इपन, आकाश शर्मा, भूप सिंह, प्रदीप शर्मा, प्रकाश, भगवान सिंह, अलकनंदा हांडा, आरसी मल्होत्रा, महेश कुमार, उपेंद्र शर्मा, संजय शर्मा, कहेर सिंह कटोच, योगराज योगा, देव सैणी, कर्म सिंह सैणी, राम लाल शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।












