हर प्रभावित के आंसू पोंछूंगा तभी चैन आएगा: ब्रह्मदास चौहान
- नाचन की स्यांज पंचायत के पगलियूर गांव में प्रभावित परिवारों को दी गई आर्थिक सहायता
- मुख्यमंत्री के निर्देश पर फील्ड में उतरे प्रदेश उपाध्यक्ष
मंडी जिला की नाचन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत स्यांज के गांव पगलियूर में हाल ही में आई आपदा ने भारी तबाही मचाई। गांव में पहुंचकर उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग हिमाचल प्रदेश ब्रह्मदास चौहान ने आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। मलबे में दबे घरों, उजड़ी जिंदगियों और चारों ओर पसरे सन्नाटे ने माहौल को गमगीन कर दिया। ब्रह्मदास चौहान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हाल जाना और उन्हें राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने उन परिवारों से भी भेंट की जिनके अपने इस आपदा में काल के गाल में समा गए। उन्होंने झाबे राम के परिजनों तथा पुष्पराज और भूप सिंह के माता-पिता पदम सिंह और देवकू देवी से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस त्रासदी ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। ब्रह्मदास चौहान ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार और प्रशासन पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है तथा हरसंभव सहायता दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का संदेश भी दोहराया, जिसमें उन्होंने कहा है कि जब तक एक-एक व्यक्ति की आंख का आंसू नहीं पोंछ सकूंगा और हर दिल का दर्द कुछ कम नहीं कर सकूंगा, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सिद्धू राम भारद्वाज, श्याम चंद, करमचंद, चतर सिंह, गुलाब सिंह तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की और पुनर्वास के कार्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।












