एनएच का मलवा बना हुक्कल स्कूल के लिए खतरा
धर्मपुर उपमंडल की लौंगनी पंचायत में हुक्कल स्थित राजकीय उच्च पाठशाला एवं राजकीय प्राथमिक पाठशाला पर आजकल खतरे के बादल छाए हुए हैं। राजकीय उच्च पाठशाला के पीछे निर्माणाधीन राष्ट्रीय उच्च मार्ग का मलवा गिरा है, जिसके कारण पाठशाला के दो कमरे चपेट में आ चुके हैं, जो जरा सी बारिश होने पर कभी भी इस मलबे के दबाव से टूट सकते हैं, जिसके लिए पाठशाला के प्रभारी ने अनेक बार स्थानीय प्रशासन विभागीय अधिकारियों व राष्ट्रीय उच्च मार्ग का कार्य कर रही कंपनी को इस बारे सूचित किया है, लेकिन अभी तक कंपनी ने स्कूल के भवन के पीछे गिरे इस मलबे को हटाने की पहल नहीं की है। इस कारण अगर बरसात का पानी बढ़ गया तो इस दो कमरे के भवन जिनमें कक्षाएं बैठती है, वो गिर सकते है। इसके साथ ही राष्ट्रीय उच्च मार्ग का कार्य कर रही कंपनी ने कार्य करती बार स्कूल का गेट तोड़ने के बाद स्कूल को जाने वाली पौड़ियों को भी तोड़ दिया है, जिस कारण स्कूल को आने जाने वाले बच्चों के साथ स्कूल स्टाफ को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।












