स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में मंडी नगर निगम ने हासिल किया प्रदेश में नौवां स्थान
- सफाई मित्रों, नगरवासियों और निगम कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से मिली बड़ी उपलब्धि, मेयर ने की सहयोग की अपील
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के हाल ही में घोषित परिणामों में मंडी नगर निगम ने प्रदेशभर में नौवां स्थान प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि मंडी नगरवासियों, सफाई मित्रों, नगर निगम के कर्मचारियों और प्रशासन के साझा प्रयास का परिणाम है। नगर निगम मंडी की मेयर ने सभी को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनका धन्यवाद किया है। हालांकि निगम ने यह भी स्वीकार किया है कि अभी सोर्स पर कूड़ा एकत्र करने और डोर टू डोर कलेक्शन की प्रक्रिया में कुछ कमियां रह गई हैं जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है। इसी संदर्भ में मेयर ने मंडी के नागरिकों से स्वच्छता के नियमों का पालन करने की अपील की है। मेयर वीरेंद्र भट्ट ने आग्रह किया है कि नागरिक कूड़ा खुले में न फेंकें तथा कचरे को सूखा और गीला अलग-अलग करके ही सफाई मित्र को दें। साथ ही प्लास्टिक और रिसायक्लेबल कचरे को भी अलग से संग्रहित करने को कहा गया है ताकि उसके उचित निपटान की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक इन नियमों का पालन करें तो आने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में मंडी शहर और बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। नगर निगम का उद्देश्य मंडी को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाना है और इसके लिए जनसहयोग आवश्यक है। नगर निगम मंडी सभी नागरिकों से आग्रह करता है कि वे इस दिशा में एक और मजबूत कदम उठाएं और स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।












