मंडी जिला भी करेगा प्रदेश नेतृत्व के लिए दावेदारी: पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में निर्णय, सुरेश ठाकुर की टिप्पणियों की निंदा
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला मंडी की बैठक आज पेंशनर भवन मंडी में जिला प्रधान एवं प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंडी की सभी 14 इकाइयों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।।सभा में एकमत से प्रस्ताव पारित किया गया कि इस बार प्रदेश नेतृत्व के लिए मंडी जिला भी अपनी दावेदारी प्रस्तुत करेगा। साथ ही, तथाकथित प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर द्वारा संगठन और व्यक्ति विशेष के खिलाफ की जा रही अमर्यादित टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए विरोध प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा पेंशनरों को वित्तीय लाभ न देने पर विरोध जताया जाएगा। इस संबंध में सरकार के प्रति निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश शर्मा और जिला सचिव रोशन लाल कपूर ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी पेंशनर संयम बनाए रखें और मुख्यधारा से जुड़कर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतभेदों को आपसी बातचीत से सुलझाया जा सकता है और संगठन को कमजोर करने वालों को उजागर कर मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में सभी जिलों के प्रधानों व महासचिवों की बैठक बुलाकर प्रदेश चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने का प्रयास किया जाएगा। मंडी जिला निर्विरोध चुनाव के लिए अग्रणी भूमिका निभाने को तत्पर है।
प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में करसोग के हेत राम ठाकुर, सदर के रेवतीराम शर्मा, पधर के लाभ सिंह ठाकुर, बल्ह के कुलदीप गुलेरिया, सुंदर नगर के प्रेमलाल शर्मा, धनोटू के कृष्ण चंद्र चौहान, जिला कोषाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, वरिष्ठ सलाहकार जीवनानंद चौहान, संगठन सचिव जय गोपाल शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।












