मंडी दर्शन ऐप लांच, महापौर ने किया शुभारंभ
- मंडी के प्राचीन मंदिरों की पर्यटकों को मिलेगी संपूर्ण जानकारी
नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा द्वारा श्री गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में मंडी दर्शन ऐप का शुभारंभ किया गया। मंडी दर्शन ऐप का उद्देश्य मंडी नगर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को डिजिटल माध्यम से देश-विदेश तक पहुंचाना है। यह ऐप विशेष रूप से पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी शहर की जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है। इस ऐप को सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के छात्रों साहिल वत्सी, आशीष शर्मा, मोहित ठाकुर, सौरभ राणा और भरत प्रकाश स्टार्टअप द्वारा डिजाइन व विकसित किया गया है, जो तकनीकी नवाचार और सामाजिक सरोकार का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस अवसर पर पार्षद अलकनंदा हांडा, नेहा कुमारी, निर्मल वर्मा, यशकांत कश्यप, नितिन भाटिया, संजय कुमार, गैर सरकारी संगठनों के सदस्य एवं निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।
ऐप की प्रमुख विशेषताएं
360 डिग्री वर्चुअल टूल द्वारा प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी, इस ऐप में इंटरैक्टिव मोड बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक और रोचक अनुभव मिल सके, बाजार और पार्किंग की जानकारी स्थानीय सुविधा के लिए सहज नक्शे, कस्टम मैप फीचर, यूजर-फ्रेंडली नेविगेशन और लोकेशन गाइडेंस की सुविधा प्रदान की जाएगी तथा शीघ्र ही सार्वजनिक शौचालयों की लोकेशन को भी ऐप में जोड़ा जाएगा, ताकि नागरिकों और पर्यटकों को अधिक सुविधा मिल सके। इस ऐप के माध्यम से जनता व पर्यटक नगर निगम के क्षेत्राधिकार में होने वाले त्यौहारों, कार्यक्रमों की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। आमजनमानस व पर्यटक www.MandiDarshan.com के माध्यम से भी सुविधा प्राप्त कर सकते है।












