भूकंप जैसी आपदा में राहत एवं बचाव कार्यों पर 6 जून को होगा वृहद पूर्वाभ्यास : उपायुक्त
भूकंप जैसी आपदा से निपटने के लिए आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय वृहद पूर्वाभ्यास (मेगा मॉक एक्सरसाइज) की तैयारियों के दृष्टिगत आज एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त अपूर्व देवगन सहित मंडी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्यों ने उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष से वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। अपूर्व देवगन ने बताया कि यह वृहद पूर्वाभ्यास आगामी 6 जून को पूरे प्रदेश सहित मंडी जिला में भी आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय सहित मंडी जिला के चिह्नित उपमंडलों में यह पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्वभ्यास से पहले 3 जून को एक टेबल टॉप एक्सरसाइज भी आयोजित की जाएगी। इसमें पूर्वाभ्यास को लेकर जिला से संबंधित कार्य योजना भी प्रस्तुत की जाएगी। आज की इस समन्वय कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों, सशस्त्र सेना, भारत-तिब्बत सीमा सुरक्षा बल सहित प्रदेश स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विभिन्न अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे। उपायुक्त वीसी कक्ष में अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र, उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर रूपिंदर कौर सहित प्राधिकरण से जुड़े सभी अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।












