जिला स्तरीय नलवाड़ मेला करसोग के छठे दिन किया गया महानाटी का आयोजन
जिला स्तरीय नलवाड़ मेला करसोग के छठे दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग के खेल मैदान में महिलाओं द्वारा महानाटी का आयोजन किया गया। महानाटी में लगभग 20 महिला मंडल व स्वयं सहायता समूह की लगभग 500 महिलाओं ने भाग लिया। यह महानाटी जिला स्तरीय नलवाड़ मेले के छठे दिन आकर्षण का केंद्र रही। मेला मैदान में महिलाओं ने एक साथ सामूहिक नाटी डालकर कर पुरातन संस्कृति की यादों को जीवंत कर दिया। महानाटी में ग्राम पंचायत ममेल के प्रधान नारायण सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। नायब तहसीलदार करसोग शांता शुक्ला ने महानाटी में भाग लेने वाली महिलाओं को धाठू भेंट किए। महिलाओं ने धाठू लगाकर नाटी में भाग लिया। इस अवसर पर मेला अधिकारी एवं तहसीलदार करसोग वरुण गुलाटी ने मुख्यातिथि को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।