जोगिंद्रनगर में आसमानी बिजली का कहर, 70 भेड़-बकरियों की मौत
जोगिंद्रनगर उपमंडल के गांव पट्ट निवासी मनीष कुमार पुत्र प्रताप सिंह को उस समय भारी नुकसान उठाना पड़ा जब उनकी भेड़-बकरियों पर जंगल में आसमानी बिजली गिर गई। जानकारी के अनुसार, मनीष अपने मालधन को चराने गांव मिहाड़ा से ऊपर बगड़ैटा के जंगल में ले गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ने पर आसमानी बिजली गिरी, जिससे करीब 65 से 70 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। मनीष ने तुरंत इस घटना की जानकारी अपने पिता प्रताप सिंह को दी, जिन्होंने आगे पुलिस प्रशासन को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके की ओर रवाना हो गया है। बता दें कि बगड़ैटा का जंगल एक दूरदराज क्षेत्र में स्थित है, जहां केवल पैदल रास्ता ही पहुंच का माध्यम है। प्रशासन की ओर से नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।












