चोटाभंगाल और चौहार घाटी में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मार्ग अवरुद्ध
चोटाभंगाल और चौहार घाटी में पिछले एक सप्ताह से जारी लगातार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। बरोट–घटासनी मुख्य सड़क मार्ग भूस्खलन और पेड़ों के गिरने से कई बार बंद हो चुका है। चार दिन पहले भारी मलबा गिरने से यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था, जिसे दो दिन पूर्व लोक निर्माण विभाग ने अस्थाई रूप से खोला था। लेकिन बार-बार मलबा गिरने से यह मार्ग पुनः बाधित हो जाता है। जेसीबी मशीन और विभागीय कर्मचारी मौके पर तैनात हैं, लेकिन लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। बरोट बस ठहराव से आधा किलोमीटर दूर तक बसें पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को पैदल चलना पड़ रहा है। वहीं, छोटा भंगाल घाटी में लोहारड़ी क्षेत्र के लोआई, स्वाड़ और पोलिंग पंचायतों के लिए आने-जाने वाला छह किलोमीटर लंबा मार्ग भी बार-बार बंद हो रहा है। हाल ही में विभाग ने इसे खोला था लेकिन मूसलधार बारिश के कारण ल्हासे फिर से गिरने लगे हैं। इन क्षेत्रों के सब्जी उत्पादकों की तैयार मूली और बंदगोभी की फसल मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का खतरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थाई समाधान और सड़क मार्गों की बेहतर बहाली की मांग की है।












